ENTERTAINMENT

नकली सिगरेट, असली असर: स्मोकिंग को ग्लैमराइज़ करता सिनेमा

पोस्टर उसे ताक़त बनाकर बेचता है, क़ानून उसी पर चेतावनी चलाता है- और सेट पर अभिनेता अक्सर नकली सिगरेट से काम चलाता है। सवाल सिगरेट की मौजूदगी का नहीं है; सवाल उसे महिमामंडित करने का है।

लंदन का एक कैसीनो हरी मेज़ के इर्द-गिर्द खामोशी और बैकग्रांउड पर हल्का संगीत चल रहा है। लोग दाँव चल रहे हैं। एक आदमी बैठता है। सिगरेट जलाता है। एक पल ठहरता है। धुएँ के बीच से सामने देखता है, और फिर अपना नाम बताता है – “बॉन्ड… जेम्स बॉन्ड।”

यह 1962 की फ़िल्म ‘डॉक्टर नो’ है। शॉन कॉनरी यहाँ न गोली चलाते हैं, न धमकी देते हैं। बस एक सिगरेट जलती है – और दर्शक समझ जाते हैं कि यह आदमी कौन है। शांत। ख़तरनाक। पूरी तरह अपने क़ाबू में। अब ज़रा मुंबई चलते हैं। साल है 1975 और फिल्म का नाम है ‘दीवार’।

बंदरगाह का एक गोदाम। पीटर और उसके आदमी एक मज़दूर को ढूँढ रहे हैं – उसे सबक़ सिखाना है, क्योंकि उसने हफ़्ता देने से इनकार कर दिया है। गोदाम के भीतर अँधेरा है। और उसी अँधेरे में, एक कुर्सी पर आराम से बैठा विजय वर्मा उनका इंतज़ार कर रहा है। होंठों के कोने में बीड़ी दबी है। भारी आवाज़ गूँजती है —

“पीटर, तुम लोग मुझे वहाँ ढूँढ रहे हो… और मैं तुम्हारा यहाँ इंतज़ार कर रहा हूँ।”

फिर वह उठता है। दरवाज़ा बंद करता है। चाबी पीटर की तरफ़ उछाल देता है।

यहाँ सिगरेट नहीं है। बीड़ी है। और वही बीड़ी उस ग़रीब मज़दूर को वह छवि देती है जिसे दुनिया ने बाद में ‘एंग्री यंग मैन’ कहा। जिसे झुकना नहीं आता, उसके लिए यह छोटी-सी चीज़ अकड़ बन जाती है।

दो सीन हैं। दो देश हैं। दो अलग दशक हैं। एक में सिगरेट जलती है, एक में बीड़ी। साधन बदल गया लेकिन इच्छा वही पुरानी है। बिना एक शब्द कहे सामने वाले तक यह बात पहुँच जाए कि मैं कौन हूँ – और मुझसे उलझना कितना महँगा पड़ेगा।

तो असली सवाल यही है कि तंबाकू का यह छोटा-सा टुकड़ा परदे पर इतना बड़ा कैसे बन गया? इसने कभी मर्दानगी कही, कभी दुख, कभी बगावत – और कभी औरत की आज़ादी। एक जलती हुई छड़ी इतनी ज़ुबानें कैसे बोल लेती है?

यह कहानी आधी सदी से भी पुरानी है, लेकिन इसकी बहस बिल्कुल ताज़ा है।

आज की बड़ी फ़िल्मों के पोस्टर उठाकर देख लीजिए। नायक के होंठों में सिगरेट अब भी वैसे ही शान से जलती है, जैसे वह उसकी ताक़त का सबूत हो। यहीं से वह सवाल फिर खड़ा हो जाता है जो इस बहस की जड़ है – जब मार्केटिंग ही सिगरेट को आकर्षण बनाकर बेचती है, तो फ़िल्म से पहले और बीच में चलने वाली तंबाकू-विरोधी चेतावनियों का अर्थ क्या रह जाता है?

वैसे यह सवाल नया नहीं है।  भारत में 2012 से सिनेमा के लिए तंबाकू-विरोधी स्पॉट, डिस्क्लेमर और दृश्य के दौरान स्थिर चेतावनी अनिवार्य है। 1 सितंबर 2023 से कोटपा के संशोधित नियम ओटीटी पर भी लागू हो गए – वहाँ भी शुरुआत और बीच में हेल्थ स्पॉट व डिस्क्लेमर, और दृश्य के दौरान चेतावनी अनिवार्य कर दी गई है।

लेकिन फ़िल्म से कटा धुएँ भरा दृश्य सोशल मीडिया पर अलग ज़िंदगी जीने लगता है। वहाँ न पूरी कहानी होती है, न किरदार का अंत, न लत की क़ीमत। रह जाता है सिर्फ़ अंदाज़।

इसीलिए असली सवाल यह नहीं है कि परदे पर सिगरेट दिखे या न दिखे। सवाल यह है कि वह कैसे दिखे – किरदार की सच्चाई के रूप में, या ताक़त और ‘कूल’ होने के सबसे सस्ते शॉर्टकट के रूप में?

आँकड़े क्या कहते हैं

बहस भावनाओं से आगे बढ़े, तो आँकड़ों की तरफ़ देखना होगा। सिनेमा के असर पर सबसे अधिक उद्धृत प्रमाण अमेरिका से आता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुसार, अमेरिकी अध्ययनों में परदे के धूम्रपान को नए किशोर धूम्रपानकर्ताओं के लगभग 37 प्रतिशत हिस्से से जोड़ा गया है। अमेरिका के सर्जन जनरल ने 2012 में दर्ज किया कि फ़िल्मों में तंबाकू की तस्वीरें देखने वाले युवाओं में धूम्रपान शुरू करने की संभावना बढ़ जाती है।

भारत में तस्वीर का आकार और बड़ा है। 2006 से 2008 की सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फ़िल्मों के एक अध्ययन में 55 प्रतिशत फ़िल्मों में तंबाकू की तस्वीरें मिली थीं। शोधकर्ताओं का अनुमान था कि ये फ़िल्में हर साल भारतीय दर्शकों तक लगभग 14 अरब ‘इंप्रेशन’ पहुँचाती थीं – यानी किसी तस्वीर का दर्शकों तक पहुँचना, बार-बार पहुँचना।

समय के साथ हिस्सेदारी घटी। 2015 तक शीर्ष फ़िल्मों में यह 48 प्रतिशत से नीचे आ गई। उसी वर्ष तंबाकू दिखाने वाली 99 प्रतिशत फ़िल्मों ने कम से कम एक अनिवार्य नियम लागू किया, लेकिन तीनों तत्व केवल 27 प्रतिशत में पूरे मिले। यानी नियम न पूरी तरह विफल रहा, न पालन पूरी तरह ठीक हुआ।

ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे-4 (2019) के अनुसार, भारत में 13 से 15 वर्ष के 8.5 प्रतिशत स्कूली छात्र किसी न किसी रूप में तंबाकू का उपयोग कर रहे थे; सिगरेट शुरू करने की मिडियन आयु 11.5 वर्ष दर्ज हुई।

इसका अर्थ यह नहीं कि हर बच्चे को सिनेमा ने ही तंबाकू तक पहुँचाया। परिवार, साथियों का दबाव, आसान उपलब्धता और तनाव  ये सब भी अपनी भूमिका निभाते हैं। लेकिन जब दर्शक की उम्र ग्यारह-बारह साल हो, तो परदे की चमकती तस्वीर को केवल ‘कला’ कहकर बहस से बाहर नहीं रखा जा सकता। उम्र छोटी हो, तो तस्वीर बड़ी हो जाती है।

अब यह तस्वीर सिनेमा हॉल तक सीमित भी नहीं रही। अमेरिका के एनओआरसी और ट्रुथ इनिशिएटिव के विश्लेषण में 2024 की शीर्ष फ़िल्मों में से 51 प्रतिशत में तंबाकू की मौजूदगी पाई गई; 2023 में युवाओं के बिंज-वॉच किए जाने वाले प्रमुख शोज़ में से 70 प्रतिशत में भी। ये भारत के आँकड़े नहीं हैं  लेकिन वही प्लेटफ़ॉर्म और वही दृश्य आज भारतीय मोबाइल स्क्रीन पर भी हैं। स्क्रीन छोटी हुई है, पहुँच बड़ी हो गई है।

एक कश, कई ज़ुबानें

पर सवाल फिर वहीं लौटता है – एक जलती छड़ी में ऐसा क्या है कि कैमरा उसे इतना पसंद करता है?

दरअसल, सिगरेट हर किरदार के हाथ में अलग भाषा बोलती है।

देवदास में वह टूटन है। सहगल हों, दिलीप कुमार हों या शाहरुख़ ख़ान – देवदास के आसपास उठता धुआँ उसके धीरे-धीरे ख़त्म होने की तस्वीर है। देव डी और कबीर सिंह में वही धुआँ हार और आत्म-विनाश का झंडा बन जाता है। वहाँ कश जीत का नहीं, डूबने का इशारा है।

डॉन में वह शातिर आत्मविश्वास है। नायक भागता नहीं; बैठकर कश लेता है, जैसे खेल पहले से उसके हाथ में हो। एनिमल और जेलर 2 के दौर में यह भाषा और आक्रामक हो गई है – सिगरेट अब कहने का सबसे छोटा रास्ता है कि सामने वाला किसी से नहीं डरता।

कश अभिनेता को ठहराव देता है – वह सोचता है, सामने वाले को तौलता है। रोशनी में घूमता धुआँ चेहरे को रहस्य देता है, और उंगलियों के बीच संतुलित सिगरेट बिखरे हुए किरदार को भी नियंत्रित दिखाती है। निर्देशक को यह सब संवाद में लिखना नहीं पड़ता। एक कश, और आधा किरदार बिना बोले बन जाता है।

और फिर आया टायलर डर्डन। फ़ाइट क्लब (1999) में ब्रैड पिट का यह किरदार व्यवस्था और उपभोक्तावाद से बेपरवाह था – सिगरेट उसी बेपरवाही का हिस्सा थी। विडंबना यह हुई कि उपभोक्तावाद के ख़िलाफ़ बनी फ़िल्म के नायक को बाज़ार ने ख़ुद एक स्टाइल-प्रोडक्ट बना दिया।

बाज़ार बगावत से नहीं डरता। वह बगावत की तस्वीर भी बेच देता है।

‘कूल’ ऐसे बनाया गया था

लेकिन यह आकर्षण सिर्फ़ निर्देशकों की प्रतिभा की उपज नहीं था। इसके पीछे एक लंबा, सोचा-समझा इतिहास है।

वापस दीवार पर आइए। निर्देशक यश चोपड़ा से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने धूम्रपान को ग्लैमर बनाया, तो उनका जवाब था – विजय एक आम मज़दूर था। मज़दूर था, तो बीड़ी पीता था। बड़ा हुआ, तो सिगरेट। और जब बड़ा डॉन बना, तो सिगार।

यह जवाब अपने आप में पूरी सीढ़ी है। सिगार सत्ता के हाथ में रहा – मोटा, महँगा, धीरे जलने वाला। सिगरेट आम आदमी के निकट आई। बीड़ी सबसे नीचे खड़े इंसान की पहचान बनी। भारत में क़िस्मत (1943) के अशोक कुमार से अक्सर यह मोड़ शुरू माना जाता है। देव आनंद ने उसे शहरी स्मार्टनेस दी, और रजनीकांत ने उछालकर पकड़ने की अदा को जन-संस्कृति बना दिया। चीज़ें छोटी थीं; उनके अर्थ बड़े होते गए।

और कभी-कभी अर्थ के पीछे बाक़ायदा सौदा खड़ा था।

‘टोबैको कंट्रोल’ पत्रिका में प्रकाशित शोध बताता है कि हॉलीवुड स्टूडियो और तंबाकू कंपनियों के बीच क्रॉसओवर समझौते हुए – ऐसे समझौते, जिनमें सितारों के सिगरेट-समर्थन वाले विज्ञापनों को फ़िल्मों के प्रचार से जोड़ा गया। 1983 में सिल्वेस्टर स्टैलोन ने ब्राउन एंड विलियमसन के उत्पाद कम से कम पाँच फ़िल्मों में इस्तेमाल करने का 500,000 डॉलर का समझौता किया था। जिसे दर्शक किरदार की आदत समझता रहा, उसके पीछे कभी-कभी व्यापार खड़ा था। आदत दिखती रही, सौदा छिपता रहा।

महिलाओं के लिए यह खेल और भी सुनियोजित था।

1920 के दशक के अमेरिका में सार्वजनिक रूप से सिगरेट पीती महिला कलंक मानी जाती थी। पीआर विशेषज्ञ एडवर्ड बर्नेज़ ने मनोविश्लेषक ए. ए. ब्रिल की राय के सहारे सिगरेट को एक नया नाम दिया – ‘टॉर्चेज़ ऑफ़ फ़्रीडम’। आज़ादी की मशाल।

31 मार्च 1929। न्यूयॉर्क का ईस्टर परेड। कुछ युवा महिलाओं ने पहले से सूचित पत्रकारों और फ़ोटोग्राफ़रों के सामने एक साथ सिगरेट जलाई। अगले दिन अख़बारों ने उसे बराबरी के प्रतीक के रूप में छापा।

विज्ञापन कहीं नहीं दिखा। बेचा गया अर्थ था।

मार्लबोरो मैन ने वही खेल पुरुषों के लिए खेला। एक समय महिलाओं के लिए बेचा जाने वाला ब्रांड 1950 के दशक में काउबॉय की छवि के साथ मर्दानगी का पर्याय बन गया। बाद में मार्लबोरो मैन बने कई मॉडल धूम्रपान से जुड़ी बीमारियों से मरे। जो चेहरा ताक़त बेचता था, वही लौटकर चेतावनी बन गया। इतिहास कभी-कभी अपना हिसाब ख़ुद करता है।

परदे की महिलाओं का सफ़र भी इसी इतिहास से गुज़रा। एक दौर में हिंदी सिनेमा में सिगरेट ‘वैम्प’ के चरित्र का फ़ैसला सुना देती थी  सिगरेट दिखी, तो चरित्र तय। मार्लेन डिट्रिच और नाउ वॉयेजर जैसी हॉलीवुड फ़िल्मों ने उसे रहस्य और स्वतंत्रता से जोड़ा। आज वही प्रतीक नायिका के हाथ में है।

जेलर 2 के निर्देशक नेलसन दिलीपकुमार बताते हैं कि विद्या बालन को रजनीकांत के सामने सिगरेट पीकर धुआँ उड़ाने वाला दृश्य शूटिंग के पहले ही दिन करना था; वह इतनी नर्वस थीं कि मॉनिटर पर उनका हाथ काँपता दिखा, और सही शॉट लगभग तीसरे टेक में मिला। यह घबराहट बताती है कि वह दृश्य सिर्फ़ एक प्रॉप नहीं था  वह बराबरी का पूरा संवाद था, एक ही कश में कहा गया।

इसीलिए अभिनेत्री ऋचा चड्ढा का सवाल तीखा है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बॉलीवुड के उस फ़ॉर्मूले पर आपत्ति उठाई, जिसमें ‘प्रोग्रेसिव’ महिला दिखाने के लिए सिगरेट जला देना और नाइटक्लब भेज देना ही काफ़ी समझ लिया जाता है। सिगरेट पीने से कोई महिला आधुनिक नहीं होती, न पीने से पिछड़ी। ताक़त किरदार की सोच में होती है  उसके हाथ की चीज़ में नहीं।

फर्क रील और रियल वाली सिगरेट का

अब इस कहानी का वह हिस्सा, जो सबसे कम लोग जानते हैं। परदे पर जो नायक बेफ़िक्री से एक के बाद एक सिगरेट फूँकता दिखता है, वह असली सिगरेट शायद ही पी रहा हो। बड़े प्रोडक्शन में अभिनेताओं के लिए प्रॉप या हर्बल सिगरेट इस्तेमाल होती हैं – जिनमें न तंबाकू होता है, न निकोटिन। उनमें गुलाब की पंखुड़ियाँ, मार्शमैलो की जड़ और पत्ते, लौंग, चाय की पत्ती, जैस्मिन या जिनसेंग जैसी चीज़ें भरी होती हैं।

वजहें व्यावहारिक हैं। एक दृश्य कई एंगल और कई टेक में बनता है; असली सिगरेट हर टेक में अलग लंबाई तक जलेगी, और कंटिन्यूटी बिगड़ जाएगी। दर्जनों असली सिगरेट सेहत के लिए भी ठीक नहीं होंगी; और कई कलाकार निजी ज़िंदगी में पीते भी नहीं।

मैड मेन में डॉन ड्रेपर बने जॉन हैम बताते हैं कि सिर्फ़ पायलट एपिसोड में उन्होंने क़रीब 74 हर्बल सिगरेट पी थीं। पीकी ब्लाइंडर्स के टॉमी शेल्बी, किलियन मर्फ़ी, निजी ज़िंदगी में धूम्रपान नहीं करते; प्रॉप टीम की गिनती में एक सीज़न का आँकड़ा क़रीब 3,000 हर्बल सिगरेट तक जा पहुँचा।

सोचिए – जिस किरदार की पहचान ही धुआँ है, उसे बनाने में हज़ारों नकली सिगरेटें जलती हैं, और अभिनेता ख़ुद उस लत से कोसों दूर खड़ा होता है।

लेकिन ‘नकली’ का अर्थ ‘सुरक्षित’ नहीं है। अमेरिकन कैंसर सोसायटी के अनुसार, जो भी चीज़ जलती है, वह टार और कार्बन मोनोऑक्साइड पैदा कर सकती है – हर्बल सिगरेट भी। हैम ख़ुद कह चुके हैं कि निकोटिन न होना धुएँ से बचाव नहीं है। इसीलिए कुछ प्रोडक्शन अब धुआँ जलाते ही नहीं  उसे बाद में सीजीआई से जोड़ देते हैं।

यहाँ ठहरकर एक बात सोचिए। सेट पर जोखिम इतनी सावधानी से घटाया जाता है – नकली सिगरेट, गिनी हुई गिनती, कभी-कभी धुआँ ही डिजिटल। लेकिन परदे के बाहर उसी दृश्य का कोई प्रॉप संस्करण नहीं होता। वहाँ छवि असली होती है, आकर्षण असली होता है  और कभी-कभी शुरुआत भी असली हो जाती है। सावधानी सेट की दीवारों के भीतर रह जाती है; असर दीवारों के बाहर तक जाता है।

दूसरी तरफ़ का सच

इस बहस को सिर्फ़ ‘सिगरेट हटाओ’ में बदल देना भी उतना ही ग़लत होगा।

फ़िल्मकारों का तर्क है कि सिगरेट कई बार किरदार की सच्चाई होती है, सजावट नहीं। किसी दौर, किसी वर्ग, किसी लत को ईमानदारी से दिखाना हो, तो उसे मिटाया नहीं जा सकता। देवदास का धुआँ जीत का झंडा नहीं है — वह चेतावनी है। जो कहानी लत के अंत तक जाती है, उसका धुआँ ग्लैमर नहीं, हिसाब होता है।

निर्देशक अनुराग कश्यप इस बहस को अदालत तक ले गए थे। फ़िल्म अग्ली के समय उन्होंने धूम्रपान दृश्यों पर अनिवार्य स्थिर चेतावनी को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी। याचिका का कहना था कि दृश्य के बीच चलती चेतावनी सौंदर्य-मूल्य नष्ट करती है, ध्यान भटकाती है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सीमित करती है। अदालत ने अंतरिम राहत नहीं दी; अंततः कश्यप को समझौता करना पड़ा। लेकिन उनका सवाल आज भी खड़ा है — क्या सेहत का संदेश कला के अनुभव को तोड़े बिना नहीं दिया जा सकता?

विज्ञान के भीतर भी एक बारीकी है। कर्नाटक के एक अध्ययन में फ़िल्मों में तंबाकू की तस्वीरें देखने वाले बच्चों में धूम्रपान की संभावना अधिक नहीं मिली; शोधकर्ताओं ने संभावना जताई कि भारत के अनिवार्य तंबाकू-विरोधी संदेश उस असर को कुछ घटा रहे हों। यह अमेरिकी निष्कर्षों को रद्द नहीं करता — बस याद दिलाता है कि नियम और संदर्भ, परिणाम बदल सकते हैं। एक ही तस्वीर, दो अलग मिट्टियाँ — असर अलग हो सकता है।

समस्या वहाँ शुरू होती है, जहाँ कैमरा परिणाम छिपा लेता है और सिर्फ़ चमक बेचता है। और पोस्टर उसी चमक को फ़िल्म का चेहरा बना देता है।

असली सवाल

डब्ल्यूएचओ का सुझाव है कि तंबाकू की तस्वीरों वाली फ़िल्मों के लिए आयु-आधारित रेटिंग पर विचार हो। भारत ने चेतावनियों और ओटीटी नियमों का रास्ता चुना है। फ़िल्मकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता कहते हैं; स्वास्थ्य विशेषज्ञ बच्चों तक पहुँचती तस्वीरों की चिंता करते हैं। दोनों को एक-दूसरे का दुश्मन मानना ज़रूरी नहीं।

ज़रूरी यह है कि सिनेमा अपनी ज़िम्मेदारी डिस्क्लेमर के छोटे अक्षरों में न छिपाए। कहानी में लत है, तो उसकी बेचैनी और क़ीमत भी कहानी में हो। किरदार ताक़तवर है, तो उसकी ताक़त फ़ैसलों से बने – हर बार जलती सिगरेट से नहीं। और मार्केटिंग अगर किसी आदत को नायक की शान बनाकर बेचती है, तो इंडस्ट्री यह नहीं कह सकती कि उसका सरोकार सिर्फ़ कला तक था।

साहिर लुधियानवी ने हम दोनों (1961) में लिखा था – हर फ़िक्र को धुएँ में उड़ाया जा सकता है। उस पंक्ति की ईमानदारी यही है कि धुआँ फ़िक्र को ख़त्म नहीं करता; बस थोड़ी देर के लिए उड़ा देता है। सिनेमा ने सौ साल तक उसी थोड़ी देर को कभी मर्दानगी कहा, कभी दुख, कभी बगावत, कभी आज़ादी। नाम बदलते रहे, धुआँ वही रहा।

लेकिन अब दर्शक पहले से ज़्यादा जानता है। उसे पता है कि अभिनेता की सिगरेट अक्सर नकली होती है, आज़ादी की एक मशाल के पीछे विज्ञापन की रणनीति खड़ी थी, और बगावत का अंदाज़ बाज़ार में बिक सकता है।

इसलिए परदे का धुआँ शायद पूरी तरह ख़त्म नहीं होगा। उसे ख़त्म होना भी नहीं चाहिए। बस अब वह बिना सवाल के ‘कूल’ नहीं रह सकता।

कैसीनो की उस मेज़ पर बॉन्ड आज भी सिगरेट जलाता है। गोदाम की उस कुर्सी पर विजय आज भी इंतज़ार करता है।

फ़र्क़ सिर्फ़ इतना होगा कि अब दर्शक सिर्फ़ धुआँ नहीं देखेगा  वह उसके पीछे का धंधा भी देखेगा, और उसकी क़ीमत भी। यही देखना, अंत में, दर्शक की अपनी ज़िम्मेदारी है।

नकली सिगरेट से बना किरदार बड़ा हो सकता है। लेकिन सिनेमा तभी बड़ा होगा, जब वह उस धुएँ के पीछे छिपी क़ीमत को भी उतनी ही ईमानदारी से दिखाए।

TheFocusLive

TheFocusLive

TheFocuslive is a Webportal Provide News based Content

All articles by this author →

Related Articles