CRICKET

अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी: 30 गेंदों में शतक, जानें विश्व रिकॉर्ड तोड़ने से कितनी दूर रह गए

दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 में अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में शतक जड़कर रोहित शर्मा का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। जानिए कैसे बनी यह ऐतिहासिक पारी।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में जब भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी, तो किसी ने नहीं सोचा था कि मैदान पर क्रिकेट का एक नया इतिहास लिखा जाने वाला है।

क्रीज पर मौजूद अभिषेक शर्मा का इरादा केवल रन बनाना नहीं, बल्कि मैदान के हर कोने में चौकों और छक्कों की बरसात करना था। ऐसा लग रहा था मानो स्टेडियम में लाइव मैच नहीं, बल्कि किसी वीडियो गेम के हाइलाइट्स चल रहे हों।

अभिषेक ने अपनी पारी की दूसरी ही गेंद पर बाउंड्री लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। इसके बाद फजलहक फारुकी के एक ही ओवर में दो छक्के और दो चौके जमाकर उन्होंने रन गति को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया।

महज 16 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद अभिषेक रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने पावरप्ले के 6 ओवरों में अकेले 22 गेंदों पर 76 रन कूट डाले, जिसकी बदौलत भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 100 रनों का टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सबसे बड़ा पावरप्ले टोटल बनाया।

एर्लिंग हालैंड के स्टाइल में सेलिब्रेशन

नौवें ओवर में जैसे ही अभिषेक ने सिंगल लेकर अपनी सेंचुरी पूरी की, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। शतक पूरा होते ही वे पिच पर बैठकर ध्यान लगाने की मुद्रा में नजर आए। इसी तरह का सेलेब्रेशन स्टार फुटबॉलर एर्लिंग हालैंड करते नज़र आते हैं।

अभिषेक ने महज 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अंत में वे 34 गेंदों पर 9 चौके और 11 छक्कों की मदद से 317.65 के स्ट्राइक रेट के साथ 108 रन बनाकर आउट हुए।

इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज टी20I शतक का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़ा था। अभिषेक ने यह रिकॉर्ड 5 गेंद पहले ही तोड़ दिया।

टेस्ट दर्जा प्राप्त  देशों के इतिहास में यह अब तक का सबसे तेज अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक बन का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह जिम्बाब्वे के सिंकदर रज़ा के नाम था।

सबसे तेज़ T20I शतक लगाने वाले बल्लेबाज

ऑल-टाइम लिस्ट में देखें तो अभिषेक शर्मा दुनिया में तीसरे स्थान पर आ गए हैं:

  1. 27 गेंद: साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, 2024

  2. 29 गेंद: मुहम्मद फहाद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, 2025

  3. 30 गेंद: अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफ़गानिस्तान, दिल्ली, 2026

  4. 33 गेंद: जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (नामीबिया), सिकंदर रज़ा (ज़िम्बाब्वे) और फिन एलन (न्यूजीलैंड)

thefocuslive

thefocuslive

Writes for The Focus Live.

All articles by this author →

Related Articles